
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चन्दवक/जौनपुर। राज्य सूचना आयुक्त वीरेन्द्र सिंह वत्स ने ब्राम्हणपुर में एक जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान स्पष्ट कहा कि आरटीआई केवल सूचना प्राप्त करने का माध्यम न रह जाए, बल्कि इसके जरिए समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आवेदनों को औपचारिकता न समझें, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान के रूप में लें।
थाना क्षेत्र के ब्राम्हणपुर गांव में शुक्रवार शाम राकेश सिंह के आवास पर आयोजित तिलकोत्सव में सूचना आयुक्त वीरेंद्र सिंह शिरकत करने पहुंचे। इस दौरान आवास पर ही आयोजित जनसंवाद में पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता से भी मुखातिब होकर उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव भी लिए। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए आयुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आरटीआई के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ब्लॉक व ग्राम स्तर पर अभियान, कार्यशालाएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। जन सूचना अधिकारियों को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है ताकि वे आवेदकों को सही दिशा दे सकें।
अधूरी या भ्रामक जानकारी मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि आयोग ऐसे मामलों को गंभीरता से लेता है। अपील के दौरान जांच कर संबंधित अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाती है और यह सुनिश्चित किया जाता है कि आवेदक को पूर्ण व सही सूचना मिले, जिससे उसकी समस्या का समाधान हो सके। ऑनलाइन आरटीआई पोर्टल के संबंध में उन्होंने बताया कि इसे लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है और अधिक से अधिक विभागों को इससे जोड़ा जा रहा है, ताकि लोगों को घर बैठे सूचना मिलने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया भी तेज हो।
मौके पर मौजूद कई आरटीआई कार्यकर्ताओं द्वारा पूछे जाने पर उनकी सुरक्षा के सम्बंध उन्होंने कहा कि यदि किसी को धमकी मिलती है तो प्रशासन को तत्काल सूचना दें, जिस पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकाधिक सूचनाओं को स्वतः सार्वजनिक करने से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि विवाद और शिकायतें भी कम होंगी। उन्होंने अंत में दोहराया कि आरटीआई का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना नहीं, बल्कि जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
जनसंवाद के दौरान एसडीएम केराकत किन्ही कारणों से पहुच नहीं सके लेकिन तहसीलदार अजीत कुमार के पहुचने पर कोई उन्हें पहचान नही सका। जनता एवं जन प्रतिनिधियो का कहना था कि जब क्षेत्र में साहब निकलते ही नही तो कोई कैसे पहचानेंगे। जनसंवाद के दौरान क्षेत्र के कई लोगो ने अपनी समस्याओं को बताया जिसपर आयुक्त द्वारा आरटीआई के जरिये सूचना एवं उसके समाधान का उपाय भी बताया।
इस आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में केराकत तहसीलदार अजीत कुमार, क्षेत्र के प्रवीण कुमार सिंह, सतीश सिंह, थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह समेत प्रसाशनिक अमला एवं क्षेत्र के कई अन्य सभ्रांत नागरिक शामिल रहे।




