
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर जफराबाद। क्षेत्र के कल्याणपुर गांव के पास गोमती नदी में नहाने गए एक 13 वर्षीय किशोर के डूबने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों के साथ किशोर की तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार, महलपर गांव निवासी बबलू चौहान का 13 वर्षीय पुत्र तेजस्वी चौहान, जो कक्षा 7 का छात्र था, मंगलवार दोपहर करीब एक बजे अपने दो दोस्तों के साथ गोमती नदी में नहाने गया था। तीनों काफी देर तक नदी में नहाते रहे। इसके बाद तेजस्वी के दोनों दोस्त नदी से बाहर निकल आए और उसे भी घर चलने के लिए कहा, लेकिन वह नदी में ही नहाता रहा।
शाम तक तेजस्वी के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान पता चला कि वह दो अन्य बच्चों के साथ नदी पर गया था। परिजन जब नदी किनारे पहुंचे तो वहां तेजस्वी के कपड़े मिले, जिसके बाद अनहोनी की आशंका बढ़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल, एसआई विजय प्रताप सिंह व पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पहले स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश कराई गई, बाद में जिले की विशेष टीम भी मौके पर पहुंची और नदी में जाल डालकर खोजबीन शुरू की।
फिलहाल देर शाम तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।


