
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत खेतासराय पुलिस ने एक बार फिर बड़ा धमाकेदार एक्शन करते हुए गोली मारकर हत्या करने वाले इनामिया अभियुक्तों को शरण देने और फरार कराने में मदद करने वाले 8 सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में खेतासराय पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि थाना खेतासराय में दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित 25-25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्तों को सोंगर मोड़ स्थित कब्रिस्तान के पास छिपाकर रखने, उन्हें पुलिस से बचाने और फरार कराने में इन आरोपियों की सक्रिय भूमिका थी।
पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया।




