Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
चंदौलीयूपी

जीवक अस्पताल में दिनदहाड़े महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी पकड़ाया

जीवक अस्पताल में दिनदहाड़े महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी पकड़ाया

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता 

चंदौली।  जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित कमलापुर के जीवक अस्पताल में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अस्पताल में भर्ती एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अस्पताल परिसर में हुई इस वारदात से मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया।

मृतका की पहचान लक्ष्मीना (55 वर्ष), निवासी सासाराम के रूप में हुई है, जो पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे एक युवक मरीज बनकर अस्पताल पहुंचा। उसने पहले बीपी की दवा ली और इलाज के बहाने अस्पताल के ऊपर स्थित वार्ड तक पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक सीधे महिला के पास पहुंचा और अचानक उसकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अचानक हुई फायरिंग से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अस्पताल से बाहर निकलते समय एक और फायरिंग करते हुए भागने लगा। इसी दौरान अस्पताल कर्मियों और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया और आरोपी का पीछा किया। कुछ दूरी पर लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने पूरे अस्पताल परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी से पूछताछ कर हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!