
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत, जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के बम्बावन गांव स्थित रामदेव बाबा की कुटी के समीप गोमती नदी किनारे सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि नदी किनारे बत्तख चरा रहे कुछ लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया।
मृत युवक ने काले रंग का पैंट पहन रखा था, जबकि उसके शरीर के ऊपरी हिस्से पर कोई कपड़ा नहीं था। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त कराने में जुटी रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि शव को मर्चरी में रखवाकर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शिनाख्त के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।




