
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति और दबंगई का प्रदर्शन करने वाले युवकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा युवाओं में बढ़ रही गैंग संस्कृति पर प्रभावी अंकुश लगाना है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक इंस्टाग्राम पर अलग-अलग आईडी बनाकर समूह में क्षेत्र में घूमते हैं और अपनी गतिविधियों का प्रदर्शन करते हैं। इससे आमजन में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो सकती है। जांच के दौरान पुलिस ने तीन युवकों की पहचान की, जिनमें 20 वर्षीय मो. इरफान (निवासी कुन्दीगढ़), 17 वर्षीय मो. अरमान तथा 15 वर्षीय मो. दानिश (निवासी पहाड़पुर तकिया) शामिल हैं।
नाबालिगों की हुई काउंसलिंग पुलिस ने मो. अरमान और मो. दानिश के नाबालिग पाए जाने पर उन्हें उनके अभिभावकों एवं बाल कल्याण अधिकारी की उपस्थिति में थाना परिसर बुलाया। यहां दोनों की काउंसलिंग की गई और उन्हें कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। पुलिस ने भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत देते हुए उन्हें छोड़ दिया। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करने की अपील की। एक युवक पर चालान की कार्रवाई पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम आईडी “kamine sarkar 315” संचालित करने वाले मो. इरफान के विरुद्ध धारा 126/135/170 बीएनएस के तहत चालान की कार्रवाई की गई है।




