
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समीर ने शुक्रवार को मछलीशहर, केराकत और डोभी विकासखंड के आठ से अधिक परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डोभी के एक विद्यालय में 130 नामांकित छात्रों के सापेक्ष केवल 59 छात्र उपस्थित मिले। इस पर बीएसए ने प्रभारी प्रधानाध्यापक का वेतन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा।
निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय ओड़धनिया और पूर्व माध्यमिक विद्यालय तरियारी में शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यालय की स्वच्छता, स्मार्ट क्लास का संचालन, मध्यान्ह भोजन तथा शैक्षणिक वातावरण संतोषजनक पाया गया। बेहतर कार्य के लिए विद्यालय स्टाफ की सराहना की गई इसके अलावा पूर्व माध्यमिक विद्यालय युसुफपुर और प्राथमिक विद्यालय सरायबीरों में भी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। वहीं, प्राथमिक विद्यालय चौंरा में छात्रों का अधिगम स्तर कमजोर पाए जाने पर बीएसए ने शिक्षकों को शिक्षण कार्य में सुधार, नियमित अभ्यास कराने और कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।




