
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। प्राथमिक विद्यालय बनपुरवा, परियांव (विकासखंड सिरकोनी) में कक्षा-2 के छात्र के विद्यालय में बंद रह जाने की घटना पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समीर ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। मामले को गंभीर मानते हुए सहायक अध्यापिका श्रीमती कृष्णा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी, मुंगरा बादशाहपुर को जांच अधिकारी नामित किया गया है बीईओ सिरकोनी की आख्या के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया एवं स्थानीय ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मिली कि प्राथमिक विद्यालय बनपुरवा, परियांव में कक्षा-2 का छात्र विपिन निषाद विद्यालय की कक्षा में बंद रह गया है। सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा ग्रामीणों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में छात्र के कक्षा के अंदर बंद रह जाने की पुष्टि हुई।
घटना के बाद छात्र के परिजनों ने विद्यालय के शिक्षकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसए समीर ने संबंधित सहायक अध्यापिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया निलंबन आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान श्रीमती कृष्णा कुमारी को उच्च प्राथमिक विद्यालय परियांव (सिरकोनी) से संबद्ध किया गया है। वहीं, पूरे मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी, मुंगरा बादशाहपुर को सौंपी गई है बीएसए ने निर्देश दिए हैं कि जांच निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि दोषी पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके




