
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/जौनपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बसगीत गांव में ग्राम प्रधान राम प्रसाद यादव उर्फ गुड्डू यादव ने जनसेवा की अनूठी मिसाल पेश की। गांव के 51 जरूरतमंद परिवारों को खुले में शौच की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से ग्राम प्रधान ने अपनी निजी धनराशि से शौचालयों का निर्माण कराया और उन्हें संबंधित परिवारों को समर्पित किया। इस पहल की केराकत विधायक तूफानी सरोज और मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी कदम बताया।
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में गांव में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में 100 से अधिक ग्रामीणों के साथ आसपास के गांवों के ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। जरूरतमंद परिवारों को शौचालय और अंगवस्त्र प्रदान किए गए। इस दौरान ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की पहल की सराहना करते हुए इसे स्वच्छता के साथ-साथ महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।
25 लाख रुपये की निजी धनराशि से कराया निर्माण
ग्राम प्रधान राम प्रसाद यादव उर्फ गुड्डू यादव ने बताया कि गांव की महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों को खुले में शौच की परेशानी से निजात दिलाने तथा स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करीब 25 लाख रुपये की निजी धनराशि खर्च कर 50 से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केराकत विधायक तूफानी सरोज और मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज ने फीता काटकर शौचालयों का लोकार्पण किया। ग्राम प्रधान ने कहा कि सरकार स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से स्वच्छता को बढ़ावा दे रही है। उनका प्रयास है कि गांव का कोई भी जरूरतमंद परिवार शौचालय की सुविधा से वंचित न रहे उन्होंने कहा कि शौचालय केवल सुविधा का साधन नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, स्वास्थ्य और सुरक्षित जीवन से भी जुड़ा विषय है। इसी सोच के साथ सरकारी सहायता का इंतजार किए बिना उन्होंने निजी धनराशि से शौचालय निर्माण कराने का निर्णय लिया
विधायक और सांसद ने की सराहना
कार्यक्रम में मौजूद विधायक तूफानी सरोज और सांसद प्रिया सरोज ने ग्राम प्रधान के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। निजी धन से बड़ी संख्या में परिवारों के लिए शौचालय बनवाना सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना का उदाहरण है उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से स्वच्छता अभियान को मजबूती मिलती है और समाज के अन्य लोगों को भी जनहित के कार्यों के लिए प्रेरणा मिलती है।
ग्रामीणों ने बताया सराहनीय कदम
ग्रामीणों ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए शौचालय उपलब्ध कराना ग्राम प्रधान की सराहनीय पहल है। खासकर महिलाओं को इससे काफी राहत मिलेगी। ग्रामीणों के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किया गया यह जनहित का कार्य लंबे समय तक याद रखा जाएगा कार्यक्रम में भगवती सरोज, संजय यादव, राकेश यादव, विजय बहादुर यादव, अशोक यादव, रामसमुझ यादव सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच बसगीत गांव में स्वच्छता, सम्मान और जनसेवा का यह संदेश पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।




