
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के राजेपुर बाजार में सोमवार को तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से साइकिल सवार 65 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित बोलेरो वृद्ध को रौंदते हुए एक मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर जा घुसी। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घंटों तक वाहन को मौके से हटाने नहीं दिया राजेपुर गांव निवासी हौसिला मिश्र पुत्र स्व. लालता मिश्र सोमवार को रामेश्वरम मंदिर में दर्शन करने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बाजार स्थित गुलाब मौर्य की दुकान के सामने पहुंचे, तभी तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो को राजेपुर बाजार स्थित देशी शराब की दुकान का सेल्समैन वीरेंद्र कुमार पुत्र रामजीत निवासी भगरी चला रहा था। वाहन में उसका मित्र मनोज पुत्र लालबहादुर भी बैठा था टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो वृद्ध को रौंदते हुए विद्या सिंह उर्फ मलकिन के मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर जा घुसी। गनीमत रही कि घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
ग्रामीणों ने घायल वृद्ध को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए और आरोपी चालक की गिरफ्तारी व मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर बोलेरो को मौके से हटाने से रोक दिया सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीओ केराकत अजय कुमार राय ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए बाद में पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




