
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र में रैपिडो चालक द्वारा युवती से कथित छेड़खानी और अभद्रता का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में रैपिडो चालक सहित उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई 2026 को पीड़िता ने लंका थाने में शिकायत दर्ज कराई कि रैपिडो चालक उसे तय रास्ते के बजाय दूसरे मार्ग से ले जाने लगा। विरोध करने पर चालक और उसके साथी ने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और छेड़खानी की। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद दोनों आरोपियों ने उसका पीछा किया।
घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता के पिता रविदास गेट के पास पहुंचे और चालक को रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान चालक ने अपने साथी को बुला लिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। शिकायत के अनुसार पीड़िता के पिता के साथ मारपीट भी की गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के कार्य में बाधा डालने के प्रयास की बात भी कही है इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। वायरल वीडियो में पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है लंका थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा संख्या 326/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




