
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिले की सड़कों पर अब तेज रफ्तार में वाहन चलाना भारी पड़ सकता है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए यातायात पुलिस ने स्पीड ट्रैकर वाहन के जरिए निगरानी शुरू कर दी है। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलते ही सिस्टम के माध्यम से ई-चालान जारी किया जाएगा, जो वाहन स्वामी के पंजीकृत पते पर भेजा जाएगा यातायात विभाग ने अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा निर्धारित की है। नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में दोपहिया वाहनों के लिए 60 किमी प्रति घंटा, चारपहिया वाहनों के लिए 60 से 70 किमी प्रति घंटा तथा मालवाहक और भारी वाहनों के लिए 60 किमी प्रति घंटा की अधिकतम गति तय की गई है।
वहीं फोरलेन मार्गों पर दोपहिया वाहनों के लिए 80 किमी प्रति घंटा, चारपहिया वाहनों के लिए 100 किमी प्रति घंटा तथा मालवाहक और भारी वाहनों के लिए 80 किमी प्रति घंटा की गति सीमा निर्धारित है। तय सीमा से अधिक गति पर वाहन चलाने वालों के खिलाफ स्पीड ट्रैकर वाहन के माध्यम से कार्रवाई की जाएगी यातायात निरीक्षक मनोज पाण्डेय ने बताया कि जिले में तेज रफ्तार सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन रही है। दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से स्पीड ट्रैकर प्रणाली से निगरानी की जा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करने की अपील की अभियान के दौरान यातायात विभाग के उपनिरीक्षक सुनील तिवारी, अजीत कुमार, जुल्फिकार अली, हरेंद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, संजय कुमार, रूपेश सिंह, अमित यादव, सुधीर, सुभाष, विपिन सरोज, प्रमोद कुमार, अनिल पाण्डेय समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



