
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
लखनऊ। सीतापुर रोड पर मंगलवार सुबह करीब नौ बजे टाइटन धर्मकांटा के पास तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर बाइक सवार दो युवकों पर चढ़ गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया जानकारी के अनुसार, बीकेटी निवासी दोनों युवक सीतापुर की ओर से बाइक से लखनऊ आ रहे थे। उनके पीछे चल रहा ट्रक टाइटन धर्मकांटा के पास अचानक अनियंत्रित हो गया और बाइक को टक्कर मारते हुए दोनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में माल थाना क्षेत्र के बसतरी अटरिया निवासी छोटे लाल के बेटे जवाहिर (20) की मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी मुकेश (20), पुत्र जगदीश, गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मड़ियांव स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में खाना बनाने का काम करते थे।
ट्रक छोड़कर भागा चालक
हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने का प्रयास करने लगा। ग्रामीणों ने उसका पीछा किया तो वह ट्रक सड़क पर छोड़कर फरार हो गया। लोगों ने ट्रक पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया और घायल मुकेश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा हादसे के कारण सीतापुर रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभाली और जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है फरार चालक की तलाश की जा रही है।




