
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के लूठा गांव में बच्चों के मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग हो गई, जिसमें 68 वर्षीय बुजुर्ग लल्लू गुप्ता गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बड़े भी आमने-सामने आ गए। इसी दौरान चली गोली लल्लू गुप्ता को जा लगी। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल नियंत्रण में है।
घटना की सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के दावों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है




