
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत /जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के हरिहरपुर (सेमरी) निवासी दिनेश कुमार निषाद के पुत्र अमित कुमार निषाद (20) की केराकत थाना क्षेत्र के कदहरा बाजार के समीप सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमित कुमार निषाद 2 जून 2026 को ऑटो रिक्शा संख्या UP62AT 4128 से चंदवक बाजार से जौनपुर जा रहे थे। इसी दौरान कदहरा बाजार केराकत जौनपुर के बीच सामने से आ रही मोटरसाइकिल संख्या UP62AY5493 से टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल अमित को जिला चिकित्सालय उमानाथ सिंह, जौनपुर में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें दुर्गा सिटी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर, नईगंज रोड, जौनपुर में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान 3 जून 2026 की सुबह लगभग 7:30 बजे अमित की मृत्यु हो गई। इसके बाद सर सुन्दरलाल चिकित्सालय (बीएचयू), वाराणसी में पोस्टमार्टम कराए जाने के उपरांत परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। पीड़ित पिता दिनेश कुमार ने बताया कि अंतिम संस्कार और अन्य आवश्यक कार्यों में व्यस्त रहने के कारण तहरीर देने में विलंब हुआ। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच-पड़ताल में जुट गई है।




