
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थराबाजार में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब बारात में हुई मारपीट के बाद एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक के पिता ने बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मानते हुए जांच में जुटी है। बारात आने से पहले पटाखेबाजी को लेकर दोनों पक्षों के युवकों में विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। इस घटना में लड़की पक्ष के कई लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि पड़ोसी युवक प्रिंस राम अपने भाई की पिटाई से नाराज था और आरोपित युवकों की तलाश कर रहा था। किसी बड़े विवाद की आशंका को देखते हुए परिजनों ने उसे समझाकर कमरे में बंद कर दिया, लेकिन देर रात उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और सुरक्षा व्यवस्था के बीच विवाह की शेष रस्में पूरी कराईं। सोमवार सुबह पंचायत और समझौते के प्रयासों के बाद दुल्हन की विदाई हो सकी। उभांव थाना प्रभारी दिनेश पाठक के अनुसार मृतक के पिता की तहरीर पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




