
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
सोनभद्र। रोजी-रोटी की तलाश में वाराणसी गए एक मजदूर की छत से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ठेकेदार का रवैया सवालों के घेरे में आ गया। आरोप है कि ठेकेदार मृतक का शव गांव भेजकर खुद मौके से गायब हो गया। जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम फैल गया घटना घोरावल कोतवाली क्षेत्र के लीलवाही गांव से जुड़ी है। बताया जा रहा है कि मजदूर वाराणसी में निर्माण कार्य के दौरान छत पर काम कर रहा था। इसी बीच अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल मजदूर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद ठेकेदार ने न तो परिवार को कोई स्पष्ट जानकारी दी और न ही जिम्मेदारी निभाई। शव गांव भेजने के बाद वह खुद गायब हो गया।
इस रवैये से नाराज परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घोरावल कोतवाली पहुंच गए और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा दिलाने की मांग की ग्रामीणों का कहना है कि गरीब परिवार का एकमात्र सहारा छिन गया है। ऐसे में प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता व उचित मुआवजा उपलब्ध कराना चाहिए फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, मृतक के परिजनों की मांग है कि ठेकेदार की जिम्मेदारी तय कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।




