
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अवैध एवं मानकविहीन दवाओं की बिक्री के खिलाफ शुक्रवार को जौनपुर में विशेष अभियान चलाया गया। जिला औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय के साथ चार जिलों की स्पेशल टास्क फोर्स ने शहर के आधा दर्जन प्रमुख दवा प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर कुल 11 संदिग्ध दवाओं के वैधानिक नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है संयुक्त कार्रवाई में औषधि निरीक्षक राजू प्रसाद (सुल्तानपुर), शिव कुमार नायक (प्रतापगढ़) और कुमार सौमित्र (भदोही) शामिल रहे। टीम ने मिलन ड्रग हाउस, सिंह मेडिकल स्टोर, यथार्थ सुपर मार्ट, गैलेक्सी मेडिकल स्टोर तथा यथार्थ फार्मेसी प्राइवेट लिमिटेड सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
मिलन ड्रग हाउस से तीन, सिंह मेडिकल स्टोर से दो, यथार्थ सुपर मार्ट से दो, गैलेक्सी मेडिकल स्टोर से तीन तथा यथार्थ फार्मेसी प्राइवेट लिमिटेड से एक नमूना लेकर जांच के लिए सील किया गया। सिंह मेडिकल स्टोर और गैलेक्सी मेडिकल स्टोर में निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों पर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की धारा 22(1)(d) के तहत वैधानिक कार्रवाई भी की गई अचानक हुई इस कार्रवाई से जिले के दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मेडिकल कारोबारियों के बीच हलचल रही और बिना लाइसेंस संचालित होने वाले कुछ मेडिकल स्टोरों के शटर भी बंद हो गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




