
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
मुरादाबाद। शहर के मझोला थाना क्षेत्र स्थित लाइनपार एकता कॉलोनी में लापरवाही का एक खतरनाक मामला सामने आया, जहां मकान की छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन अचानक जानलेवा साबित हो गई। देर रात छत पर सो रहे एक ही परिवार के तीन लोग हाईटेंशन लाइन में आए फॉल्ट के कारण करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान की छत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। देर रात लाइन में फॉल्ट आने के बाद करंट नीचे उतर आया, जिसकी चपेट में छत पर सो रहे परिवार के तीन सदस्य आ गए। करंट लगते ही सभी गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन लंबे समय से हादसे को दावत दे रही थी, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। यदि समय रहते व्यवस्था सुधारी जाती तो इस बड़े हादसे से बचा जा सकता था फिलहाल घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है। इलाके के लोगों ने रिहायशी क्षेत्रों से हाईटेंशन लाइनों को हटाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




