
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक / जौनपुर। थाना क्षेत्र के लोहराखोर गांव में साइकिल की टक्कर के बाद हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना में पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है लोहराखोर निवासी रविंद्र प्रताप शर्मा के अनुसार, बुधवार शाम करीब चार बजे वह घर पर गाय का दूध दुहने जा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी राज शर्मा की साइकिल उनसे टकरा गई। साइकिल धीरे चलाने की बात कहने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि राज शर्मा ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी बीच राज के पिता अशोक शर्मा ने पीछे से कुल्हाड़ी से रविंद्र के सिर पर वार कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे रविंद्र के पुत्र अभय पर राज शर्मा ने फावड़े से हमला कर दिया। वहीं, उनके भतीजे अविनाश पर भी कुल्हाड़ी से वार कर उसे घायल कर दिया गया। घटना के बाद परिजन तीनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी डोभी ले गए थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि रविंद्र प्रताप शर्मा की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




