
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के सराय मोहिउद्दीनपुर बाजार में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती बाइक में अचानक आग लग गई। लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर बाजार के बीच हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया जानकारी के अनुसार ईसापुर गांव निवासी अनुज बिंद पुत्र गणेश बिंद अपनी हीरो कंपनी की बाइक संख्या यूपी 44 एल 8225 से शाहगंज जा रहे थे। सुबह करीब 10 बजे जैसे ही वह सराय मोहिउद्दीनपुर बाजार पहुंचे, बाइक की टंकी और हैंडल के पास से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते बाइक से तेज लपटें उठने लगीं और बाइक धू-धू कर जलने लगी।
स्थिति गंभीर होते देख अनुज बिंद ने तत्काल बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के दौरान सड़क पर मौजूद लोग भी घबरा गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो आसपास की दुकानों और राहगीरों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता था प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक में शॉर्ट सर्किट या पेट्रोल रिसाव के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। वहीं कई लोगों ने भीषण गर्मी को भी हादसे की एक वजह बताया हैरानी की बात यह रही कि घटना स्थल से करीब 50 मीटर की दूरी पर पुलिस बूथ मौजूद होने के बावजूद कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। इसे लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।




